भोपाल। मध्यप्रदेश के देवास जिले में आदिवासी महिला से बर्बरता के मामले में पुलिस ने अब तक कुल 12 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। घटना का वीडियो सामने आने के बाद से ही पुलिस द्वारा महिला व उसके प्रेमी को सुरक्षित रखने की बात की गई है।
देवास के पुंजापुरा के एक गांव में हुई महिला के साथ बर्बरता के मामले में पुलिस ने सभी 12 आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। दरअसल घटना के बाद देवास पुलिस अधीक्षक डॉ. शिवदलाल सिंह भी मौके पर पहुंचे थे, जहाँ उन्होंने इस मामले में सख्त कार्रवाई करने की बात कही थी।
क्या था पूरा मामला?
जिले के उदयनगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले गाँव में एक आदिवासी महिला के साथ गाँव वालों ने मिलकर बर्बरता से मारपीट की थी। पति ने भी महिला से मारपीट की। इसके बाद ग्रामीणों ने पीडि़त महिला के कंधे पर उसके पति को बिठाकर गांव में घुमाया था। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आईपीसी की धारा 147 (दंगा करने की सजा), 354 (महिलाओं का शील भंग करने के इरादे से हमला या आपराधिक बल), 294 (अश्लील भाषा का प्रयोग), 323 (स्वेच्छा से चोट पहुंचाने के लिए दंड), 452 (घर में अतिचार), 509 (स्त्री की मर्यादा का अपमान) और 506 (आपराधिक धमकी) के तहत मामला दर्ज किया है। एसपी के बताया कि, 12 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि अन्य आरोपियों की पहचान कर उन्हें पकड़ने की कोशिशें जारी हैं।
प्रेमी के घर मिली महिला
दरअसल 24 जून की रात को महिला पति के घर से चली गई थी। पति ने आस-पास ढूंढा तो वह नहीं मिली। जिसके बाद पति ने नगर थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवा दी। बाद में महिला के पति को पता चला कि महिला गांव में ही प्रेमी के घर रह रही थी। पति ने प्रेमी के घर की तलाशी ली तो महिला पेटी में छुप कर बैठी हुई थी। इसके बाद महिला को बाहर निकाल कर लाया गया और पूरे गांव के सामने पति को महिला के कंधे पर बैठकर गांव में घुमाया गया। जिसका वीडियो वायरल हो गया था।
देवास के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण सूर्यकांत शर्मा ने बताया कि, थाना उदय नगर में घटना के बाद 11 लोगों के खिलाफ नामजद कार्रवाई करते हुए मामला दर्ज कर दिया गया था।
द मूकनायक की प्रीमियम और चुनिंदा खबरें अब द मूकनायक के न्यूज़ एप्प पर पढ़ें। Google Play Store से न्यूज़ एप्प इंस्टाल करने के लिए यहां क्लिक करें.