भोपाल। कांग्रेस पार्टी ने महात्मा गांधी और संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर के सम्मान में "जय बापू, जय भीम, जय संविधान" अभियान बीते रविवार शुरू हो चुका है। इस अभियान के तहत पूरे देश में जिला स्तर पर चौपालों का आयोजन हो रहा है। चौपालों में लोगों को महात्मा गांधी और बाबा साहब अंबेडकर के योगदान के बारे में कांग्रेसी बता रहे हैं।
शुक्रवार को भोपाल स्थित प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में इस अभियान की रणनीति बनाने के लिए दिनभर बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रदेश प्रभारी जितेंद्र भवर सिंह, प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी, पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार और सैकड़ों कांग्रेस पदाधिकारी शामिल हुए।
बैठक में यह निर्णय लिया गया कि आगामी 27 जनवरी को इंदौर के महू में, जो बाबा साहब अंबेडकर की जन्मस्थली है, कांग्रेस का बड़ा आयोजन होगा। जिसमें अभियान का समापन एक बड़ी रैली के साथ होगा। इस कार्यक्रम में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, प्रियंका गांधी सहित अन्य वरिष्ठ नेता शामिल होंगे।
कांग्रेस विधायक और वरिष्ठ नेता फूल सिंह बरैया ने "द मूकनायक" से बातचीत में भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा, "भाजपा बाबा साहब अंबेडकर और संविधान का सम्मान नहीं करती। गृह मंत्री अमित शाह ने संसद में बाबा साहब का अपमान किया है और उन्हें देश से माफी मांगनी चाहिए।"
कांग्रेस नेताओं का कहना है कि भाजपा और उसके अनुषांगिक संगठन हमेशा से संविधान, महात्मा गांधी और बाबा साहब अंबेडकर के विरोधी रहे हैं। कांग्रेस के संचार विभाग के प्रमुख पवन खेड़ा ने कहा था की, "17 दिसंबर को संसद में गृह मंत्री अमित शाह ने बाबा साहब पर अपमानजनक टिप्पणी की। इसके बाद पूरे देश में भाजपा के खिलाफ एक आंदोलन शुरू किया गया है।"
खेड़ा ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी इस मामले में गृह मंत्री का पक्ष लिया, जिससे यह स्पष्ट होता है कि भाजपा बाबा साहब के अपमान में सहभागी है। खेड़ा ने इस मुद्दे पर माफी की मांग की और कहा कि कांग्रेस जनता को भाजपा की "संविधान विरोधी साजिशों" के बारे में जागरूक करेगी।
1. चौपालों में महात्मा गांधी और बाबा साहब अंबेडकर के जीवन और विचारों पर चर्चा।
2. भाजपा की नीतियों और उनके दलित एवं आदिवासी विरोधी कदमों के बारे में बातचीत।
3. भाजपा द्वारा संविधान और सामाजिक न्याय पर किए जा रहे हमलों को उजागर किया जा रहा है।
27 जनवरी को महू में बाबा साहब अंबेडकर की जन्मस्थली पर कांग्रेस के बड़े नेताओं का जमावड़ा होगा। इस आयोजन के जरिए कांग्रेस यह संदेश देना चाहती है कि वह संविधान और सामाजिक न्याय की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है।
कांग्रेस ने "जय बापू, जय भीम, जय संविधान" अभियान के तहत एक पैम्फलेट भी जारी किया है। इसमें भाजपा की नीतियों को दलित और आदिवासी विरोधी बताया गया है। इसमें यह भी आरोप लगाया गया है कि भाजपा 90% आबादी के अधिकारों को दबाने की साजिश कर रही है।
अनुसूचित जाति कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष प्रदीप अहिरवार ने द मूकनायक से कहा कि इस कार्यक्रम में प्रदेश भर से लाखों लोग शामिल होंगे। उन्होंने कहा, "कांग्रेस पार्टी की आस्था शुरू से ही बाबा साहब भीमराव अंबेडकर में रही है। महात्मा गांधी और बाबा साहब के विचार ही पार्टी की प्रेरणा का स्रोत हैं। इस अभियान के माध्यम से हम संविधान और सामाजिक न्याय की रक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को और मजबूत करेंगे।"
प्रदीप अहिरवार ने आगे कहा कि इस कार्यक्रम के लिए हर गांव और शहर से कांग्रेस कार्यकर्ता जुटेंगे। "महू में आयोजित इस कार्यक्रम में प्रदेश के लोगों का उत्साह देखने लायक होगा। बाबा साहब की जन्मस्थली पर उनका सम्मान करना हमारे लिए गर्व की बात है, और यह भाजपा के संविधान विरोधी रवैये को उजागर करने का सही मंच है," उन्होंने कहा।
द मूकनायक की प्रीमियम और चुनिंदा खबरें अब द मूकनायक के न्यूज़ एप्प पर पढ़ें। Google Play Store से न्यूज़ एप्प इंस्टाल करने के लिए यहां क्लिक करें.