भिंड में चंद्रशेखर ने संबोधित की चुनावी रैली.
भिंड में चंद्रशेखर ने संबोधित की चुनावी रैली.

MP: बहुजन नेताओं की रैली में उमड़ा जनसैलाब, विपक्षी पार्टियों में मची हलचल

अशोकनगर में मायावती तो भिंड में चंद्रशेखर ने संबोधित की चुनावी रैली.

भोपाल। मध्य प्रदेश में विधानसभा चुनाव को लेकर हलचल तेज हो गई है। सोमवार को बहुजन नेताओं की रैली में हजारों की संख्या में जनसैलाब उमड़ा। प्रदेश के अशोकनगर जिले के मुंगावली में बहुजन समाज पार्टी की अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने चुनावी रैली को संबोधित किया। इधर, भिंड के मेहगांव में आजाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद ने भी चुनावी रैली हुंकार भरी। दोनों ही रैलियों में हजारों की संख्या में लोग पहुँचे थे। लोगों का जनसैलाब इस बार चुनाव में तीसरे मोर्चे की मजबूती को दिखा रहा है।

पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने मुंगावली में रैली को संबोधित करते हुए कांग्रेस और बीजेपी पर जमकर हमला बोला। साथ ही दोनों पार्टियों को दलित विरोधी और गरीबों का शोषण करने वाली सरकार बताया है।अशोकनगर जिले की मुंगावली में मायावती ने बहुजन प्रत्याशी मोहन यादव के समर्थन में चुनावी सभा को संबोधित किया है। जनसभा को संबोधित करते हुए मायावती ने कांग्रेस और बीजेपी पर जबरदस्त हमला बोला। कांग्रेस को घेरते हुए मायावती ने कहा कि मध्य प्रदेश और केंद्र में लंबे समय तक कांग्रेस की सरकार रही। तब उन्होंने भीमराव अंबेडकर जी को भारत रत्न नहीं दिया। जब बीपी सिंह की सरकार बनी, तब बाबा साहब भीमराव अंबेडकर को भारत रत्न से नवाजा गया।

उन्होंने जातीय जनगणना के मुद्दे पर कांग्रेस को घेरते हुए कहा कि कांग्रेस जब सरकार में थी तो उन्होंने क्यों इसे लागू नहीं किया। बीजेपी की केंद्र में सरकार पर महिला आरक्षण के मामले को लेकर कहा कि इस महिला आरक्षण में दलित और पिछड़ा वर्ग महिलाओं को कुछ अलग से नहीं मिला है।

अशोकनगर में मायावती ने संबोधित की चुनावी रैली.
अशोकनगर में मायावती ने संबोधित की चुनावी रैली.

मायावती ने दोनों ही दलों को पूंजीपतियों और जातिवादी संकीर्ण मानसिकता के लोगों की सरकार बताया है। वहीं दलित वर्ग और अन्य गरीब शोषित लोगों को लेकर कहा कि आपको लुभाने के लिए कई तरह के हथकंडे यह पूंजीपति की सरकार अपनाएगी, लेकिन आपको झांसे में नहीं आना है। सावधान रहना है। मायावती ने केंद्र सरकार और राज्य सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि आज सरकारी नौकरियों में पूंजीपतियों के माध्यम से प्राइवेट सेक्टर में नौकरी देने का चलन शुरू हुआ है।

इधर, आसपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद ने मेहगांव में आजाद समाज पार्टी के प्रत्याशी भूपेंद्र कराना को वोट करने की अपील की। आजाद समाज पार्टी की सभा में हज़ारों की संख्या में हुजूम उमड़ा था। चंद्रशेखर आजाद ने रैली को संबोधित करते हुए कहा कि हम मध्य प्रदेश में भाजपा और कांग्रेस की सरकारें देख चुके हैं। दलितों को लुभा कर दोनों ही दलों ने सिर्फ वोट के लिए पिछड़े, शोषित समाज का उपयोग किया है। चंद्रशेखर ने भाजपा पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि दलितों पर प्रदेश में अत्याचारों में कोई कमी नहीं आई है। चंद्रशेखर ने कहा कि भाजपा के अत्याचारों से बचने के लिए आपने कांग्रेस को वोट दिया पर उनके विधायक बिक गए। जो पार्टी अपने विधायकों को सुरक्षित नहीं रख पाई वह आपको कैसे सुरक्षा देगी?

जयभीम के घोष से कार्यकर्ताओं में उत्साह

मेहगांव के दशहरा मैदान में चंद्रशेखर के पहुँचते ही जयभीम के घोष दूर-दूर तक सुनाई दे रहे थे। लोगों के हाथों नीले झंडे थे। पूरा मैदान हजारों लोगों से भरा हुआ था। चंद्रशेखर कार की छत पर खड़े होकर जैसे ही सभा स्थल पहुँचे वहां लोगों ने जयभीम के घोष करना शुरू कर दिया। इधर, बहुजन नेताओं की रैली में उमड़ी समर्थकों की भीड़ को देखकर अन्य सियासी दलों की चिंता बढ़ गई है।

द मूकनायक की प्रीमियम और चुनिंदा खबरें अब द मूकनायक के न्यूज़ एप्प पर पढ़ें। Google Play Store से न्यूज़ एप्प इंस्टाल करने के लिए यहां क्लिक करें.

The Mooknayak - आवाज़ आपकी
www.themooknayak.com