लोकसभा चुनाव परिणामः अमेठी में घर बनाया और वोटर बनी, लेकिन इस बार नहीं बनी बात, स्मृति ईरानी इतनी वोटों से चल रही पीछे

कांग्रेस के किशोरी लाल चल रहे आगे.
लोकसभा चुनाव परिणामः अमेठी में घर बनाया और वोटर बनी, लेकिन इस बार नहीं बनी बात, स्मृति ईरानी इतनी वोटों से चल रही पीछे

उत्तर प्रदेश। यूपी की हॉट सीट अमेठी में अपनी पकड़ मजबूत करने के लिए भाजपा प्रत्याशी स्मृति ईरानी ने घर बना लिया। यहां तक वह यहां की वोटर बन गईं। लोकसभा चुनाव 2024 की घोषणा होने से भी पहले लगभग छह माह से क्षेत्र में जनसम्पर्क अभियान कर रही थी, लेकिन उनके सभी पैतरें जनता के आगे फीके पड़ गए। वोटों की गिनती चालू है। अमेठी सीट से स्मृति ईरानी शुरुआत से ही पीछे चल रही हैं। यह अंतर् इतना बढ़ा की स्मृति ईरानी समाचार लिखे जाने तक एक लाख से भी अधिक(101827) वोटों से पीछे हो गईं। वहीं कांग्रेस के किशोरी लाल जीत की और आगे बढ़ रहे हैं।

कांग्रेस उम्मीदवार किशोरी लाल अब वर्तमान सांसद और केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी से आगे चल रहे हैं। जैसे-जैसे वोटों की गिनती आगे बढ़ रही है अमेठी लोकसभा सीट से वोटों का अंतर् बढ़ता जा रहा है।

उत्तर प्रदेश के 80 संसदीय क्षेत्रों में से एक अमेठी लोकसभा सीट ऐतिहासिक रूप से भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस का गढ़ रही है। भारतीय जनता पार्टी की केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी 2019 के लोकसभा चुनावों में एक दिग्गज के रूप में उभरी थीं। उन्होंने नेहरू-गांधी के गढ़ अमेठी से तत्कालीन कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी को 50,000 से अधिक मतों से हराया था। स्मृति ईरानी पहली बार 2011 में गुजरात से राज्यसभा में आईं और अगस्त 2017 में फिर से चुनी गईं। पार्टी के भीतर, उन्होंने राष्ट्रीय महासचिव, भाजपा की महाराष्ट्र युवा शाखा की उपाध्यक्ष और भाजपा की महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष सहित कई प्रमुख पदों पर कार्य किया है।

23 मार्च 1976 को जन्मी स्मृति ईरानी राजनीति में आने से पहले टेलीविजन उद्योग में एक प्रमुख हस्ती थीं। वह वर्तमान में महिला एवं बाल विकास और कपड़ा मंत्री हैं। मई 2014 से जुलाई 2016 के बीच, उन्होंने मानव संसाधन विकास मंत्री के रूप में कार्य किया, और जुलाई 2017 से मई 2018 तक, उन्होंने सूचना और प्रसारण मंत्रालय का प्रबंधन किया।

अमेठी सीट में पाँच विधानसभा क्षेत्र शामिल हैं। इनमें तिलोई, सलोन, जगदीशपुर, गौरीगंज और अमेठी विधानसभा क्षेत्र आते हैं। यह एक सामान्य सीट है। अमेठी सीट के लिए मतदान 20 मई को लोकसभा चुनाव 2024 के छठे चरण में हुआ था। चुनाव प्रचार के दौरान, कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने वादा किया था कि अगर उनकी पार्टी केंद्र में सत्ता में आती है तो विकास के मामले में अमेठी और रायबरेली के साथ समान व्यवहार किया जाएगा। राहुल गांधी ने अपनी मां सोनिया गांधी की जगह रायबरेली से लोकसभा चुनाव लड़ा।

2014 में राहुल गांधी से 1 लाख वोटों से हारने और 2019 में लगभग 55,000 के अंतर से जीतने के बाद अमेठी से ईरानी का यह तीसरा चुनाव था।

कन्नौज में अखिलेश चल रहे आगे

उत्तर प्रदेश की बड़ी पार्टी मानी जाने वाली सपा इस लोकसभा चुनाव में भाजपा को कड़ी टक्कर दे रही है। सपा मुखिया अखिलेश कन्नौज सीट से चुनाव लड़ रहे हैं। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव चौथी बार यहां से लोकसभा चुनाव लड़ रहे हैं। इससे कन्नौज सीट हाई प्रोफाइल हो गई है। उन्हें चुनौती दे रहे हैं बीजेपी के सांसद और दूसरी बार उम्मीदवार बने सुब्रत पाठक. पाठक ने 2019 के चुनाव में अखिलेश यादव की पत्नी डिंपल यादव को 12 हजार 353 वोट से चुनाव हराया था। पाठक को पांच लाख 63 हजार 87 वोट मिले थे। वहीं डिंपल को पांच लाख 50 हजार 734 वोट मिले थे। इससे पहले 2014 के चुनाव में डिंपल यादव ने सुब्रत पाठक को मात दी थी। डिंपल को चार लाख 89 हजार 164 वोट मिले थे।

वहीं पाठक के खाते में चार लाख 69 हजार वोट आए थे। बसपा के निर्मल तिवारी को एक लाख 27 हजार 785 वोट मिले थे। इस बार का मुकाबला सपा के अखिलेश यादव और बीजेपी के सुब्रत पाठक के बीच माना जा रहा है।

हैदराबाद में ओवैसी का दबदबा

लोकसभा चुनाव में वोटों की गिनती जैसे-जैसे आगे बढ़ रही नई सरकार को लेकर तस्वीर साफ होती दिख रही। इंडिया गठबंधन 230 सीटों आगे चल रही, वहीं केंद्र की सत्ताधारी एनडीए फिर सरकार बनाती नजर आ रही। एनडीए 290 सीटों पर आगे नजर आ रही। बात करें हैदराबाद लोकसभा सीट की तो यहां शुरुआती रूझानों में ओवैसी ने पिछड़ते दिखे। बीजेपी की माधवी लता आगे निकल गई थीं। हालांकि, ओवैसी ने अब 46 हजार से ज्यादा वोटों की बढ़त ले ली है। इस सीट पर पिछले चार लोकसभा चुनाव में एआईएमआईएम मुखिया असदुद्दीन ओवैसी का ही कब्जा रहा है।

द मूकनायक की प्रीमियम और चुनिंदा खबरें अब द मूकनायक के न्यूज़ एप्प पर पढ़ें। Google Play Store से न्यूज़ एप्प इंस्टाल करने के लिए यहां क्लिक करें.

The Mooknayak - आवाज़ आपकी
www.themooknayak.com