अखिलेश बोले-यूपी में गठबंधन जीतेगा 79 सीटें, लड़ाई क्यूटो में, खड़गे बोले- बीजेपी का चार सौ पार का नारा आरक्षण खत्म करने के लिए...

इंडिया गठबंधन की संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव मौजूद रहे।
प्रेसवार्ता के दौरान कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव.
प्रेसवार्ता के दौरान कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव. तस्वीर- द मूकनायक

लखनऊ। यूपी की राजधानी लखनऊ के गोमती नगर स्थित एक पांच सितारा होटल में बुधवार को इंडिया गठबंधन की संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस हुई। इसमें कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव सहित दोनों ही पार्टियों के पदाधिकारी मौजूद रहे। इस दौरान कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने गठबंधन की सरकार बनने पर 'दस किलो-मुफ्त राशन' दिए जाने की घोषणा की है। वहीं सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि 4 जून को इण्डिया गठबंधन की जीत के साथ ही भारत प्रेस फ्रीडम डे मनाएगा।

दरअसल,देश में लोकसभा चुनाव के 4 चरण खत्म हो चुके हैं, शेष 3 चरणों की वोटिंग बाकी हैं। सभी दलों की ओर से जोरदार तरीके से चुनाव प्रचार किया जा रहा है। पांचवें चरण की वोटिंग से पहले लखनऊ में इंडिया गठबंधन ने संयुक्त प्रेसवार्ता की। इस दौरान कांग्रेस अध्यक्ष दावा करते कहा कि मोदी सरकार की विदाई तय है। एक तरफ गरीबों के पक्ष में लड़ने वाली पार्टी एक होकर लड़ रही हैं, दूसरी तरफ अमीरों को लेकर चलने वाली पार्टी है। हमारी लड़ाई गरीबों के लिए है। जिनको एक वक्त का खाना भी नहीं मिलता। जिनको नौकरी नहीं मिल रही है।

खड़गे ने आगे कहा कि लोकसभा चुनाव के 4 चरण पूरे हो चुके हैं। अब तक के चुनाव में इंडिया गठबंधन मजबूत स्थिति में दिख रहा है और लोगों ने तय कर लिया है कि पीएम मोदी जाने वाले हैं। 4 जून को इंडिया गठबंधन केंद्र में सरकार बनाएगा। लोकतंत्र और संविधान को बचाने के लिए यह चुनाव अहम है।”

अखिलेश यादव ने बीजेपी पर आरोप लगाए। उन्होंने कहा 10 साल दिल्ली और 7 साल यूपी की सरकार में झूठे वादे किए। इंडिया गठबंधन उत्तर प्रदेश में 79 सीटें जीत रहा है। वाराणसी का इशारा करते हुए कहा कि क्यूटो में लड़ाई है। ये 400 पार का नारा इसलिए दे रहे हैं, क्योंकि देश का संविधान बदलना चाहते हैं। ये पूरे देश की मिली-जुली तहजीब को बदलना चाहते हैं। पूरे देश को एक रंग में रंगना चाहते हैं। इंडिया गठबंधन के लिए जनता का समर्थन दिखाई दे रहा है। आने वाले समय में 140 करोड़ की जनता भारतीय जनता पार्टी को 140 सीटों के लिए भी तरसा देगी।

अखिलेश ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का रथ इस लोकसभा चुनाव में फंसा नहीं बल्कि धंस गया है,अब देश की जनता बदलाव चाहती है। थार वाली घटना अभी किसान भूले नहीं हैं। उनकी सरकार में लाखों किसानों ने आत्महत्या की है। बुंदेलखंड में बीजेपी का खाता नहीं खुलेगा। यह चुनाव लोकतंत्र को बचाने का चुनाव है। इस चुनाव में दो विचारधाराओं की लड़ाई है।

अखिलेश यादव ने कहा कि चौथे चरण का चुनाव खत्म हो चुका है। भारतीय जनता पार्टी का झूठ जितना पहाड़ चढ़ना था चढ़ चुका है। चोटी से अब उतरना शुरू हो गया है। भारतीय जनता पार्टी अपने ही नरेटिव में उलझ गई है। बीजेपी की बूथ कमेटी अब लूट कमेटी बन गई है। नौजवान परीक्षा के पेपर लीक होने से परेशान हैं। भारतीय जनता पार्टी पर अब कोई भरोसा नहीं करेगा। क्योंकि किसी को पता नहीं था कि अग्निवीर योजना आएगी, नोटबंदी हो जाएगी।

24 के चुनाव से बनेगा देश का भविष्य

मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि सरकारी संस्थानों में पद खाली हैं, लेकिन केंद्र सरकार उनको भरने के लिए राजी नहीं है। हमारी पार्टी बेरोजगारी और मंहगाई के खिलाफ लड़ रही है। हम लोग अमीर और गरीब के अंतर को मिटाने के लिए लड़ रहे हैं। मैंने अब तक नहीं देखा कि 26 पार्टी मिलकर एक साथ खड़ी हों, यह देश का भविष्य बनाने वाला चुनाव है। हमारी आगे की पीढ़ी को बचाने की लड़ाई है।

डर के कारण रोक रहे नामांकन

खड़गे ने कहा -'बीजेपी के लोग जहां मजबूत हैं, वह डर के कारण हमारे लोगों को नामांकन डालने से रोक रहे हैं। डराने का काम कर रहे हैं। देश को हमने बहुत कुछ दिया है। गांधी जी ने आजादी दिलाई। समानता के लिए उन्होंने पूरी कोशिश की। वही संविधान चल रहा है लेकिन ये लोग उसे बदलने की कोशिश कर रहे हैं।

मंगलसूत्र नहीं,काम के दम पर वोट मांगे मोदी

खड़गे ने कहा कि मोदी जी बार बार अपने भाषण में मटन-चिकन और मंगलसूत्र की बात करते है। अगर वोट मांगना है तो अपने काम के दम पर वोट मांगे। आज मैनें सुना की वो कह रहे थे कि मैं गरीब मां का बेटा हूं, लेकिन अपने लोगों को सुधारने के लिए कुछ नहीं करते। अपने नेताओं को नहीं समझाते। मोदी इतना झूठ बोलते हैं कि उसकी कोई सीमा नहीं। वो कहते हैं अगर तुम्हारे घर दो भैंस हैं तो एक मुसलमान को दे देंगे।

प्रेसवार्ता के दौरान कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव.
“कुर्सी के लिए पहले हाथ जोड़ो फिर उसी जनता पर हाथ छोड़ो”; बीजेपी सांसद द्वारा मंच पर पहलवान को थप्पड़ मारने का वीडियो वायरल

द मूकनायक की प्रीमियम और चुनिंदा खबरें अब द मूकनायक के न्यूज़ एप्प पर पढ़ें। Google Play Store से न्यूज़ एप्प इंस्टाल करने के लिए यहां क्लिक करें.

The Mooknayak - आवाज़ आपकी
www.themooknayak.com