
राजस्थान। अरब सागर से उठे चक्रवाती तूफान बिपरजॉय के प्रभाव से प्रदेशवासियों को बचाव की दृष्टि से पुलिस, प्रशासन और आपदा प्रबंधन विभागीय अधिकारियों को सतर्क करने के लिए प्रदेश की मुख्य सचिव उषा शर्मा द्वारा वीडियो कांफ्रेसिंग ली गई और महत्त्वपूर्ण निर्देश दिए।
सूचना एवं प्रौद्योगिकी विभाग के माध्यम से आयोजित इस वीसी में सभी संभागीय आयुक्त, पुलिस महा निरीक्षक, कलक्टर्स और एसपी सम्मिलित हुए। इस वीसी को संबोधित करते हुए मुख्य सचिव ने कहा कि राजस्थान आपदा स्थितियों में श्रेष्ठ प्रबंधन व क्विक रेस्पोंस के लिए जाना जाता है। इन स्थितियों में प्रशासनिक, पुलिस व आपदा प्रबंधन से संबंधित अधिकारियों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। उन्होंने कहा कि चक्रवाती तूफान बिपरजॉय के प्रभाव से आमजन को बचाने के लिए सतर्क होने और बचाव के तरीकों को जन-जन तक पहुंचाने की जरूरत है। इस दौरान आपदा प्रबंधन सहायता एवं नागरिक सुरक्षा विभाग के सचिव पूर्ण चन्द्र किशन ने भी तूफान से बचाव के लिए बरती जाने वाली सावधानियों के बारे में बताया।
इधर, उदयपुर संभाग मुख्यालय पर पुलिस महानिरीक्षक अजय पाल सिंह लांबा की मौजूदगी में आयोजित वीसी में जिला कलक्टर ने बताया तूफान से बचाव के लिए आपदा प्रबंधन विभाग के तत्वावधान में आवश्यक बैठकें कर ली गई है तथा कंट्रोल रूम स्थापित करते हुए ग्राम पंचायत स्तर तक सोशल मीडिया के माध्यम से सावधानी बरतने की अपील जारी की गई है। इसी प्रकार सतर्कता बरतने से संबंधित स्थानों के चयन के साथ ही सेना और एनडीआरएफ के अधिकारियों से भी संपर्क बनाएं रखा है। उन्होंने बताया कि सर्वाधिक प्रभाव वाले क्षेत्र कोटड़ा, गोगुंदा व सायरा में प्रभाव वाले दिनों में महंगाई राहत कैंप स्थगित रखे जाएंगे। इस दौरान अतिरिक्त जिला कलक्टर ओपी बुनकर व प्रभा गौतम, एडीएसपी मंजीत सिंह, जिला रसद अधिकारी नरेश बुनकर, जल संसाधन विभाग के आरके टेपण, डीओआईटी की शीतल अग्रवाल, नियंत्रण कक्ष प्रभारी महामाया प्रसाद चौबीसा आदि मौजूद रहे।
मौसम विभाग के अनुसार अत्यंत भीषण चक्रवाती तूफान बिपरजॉय फिलहाल ईस्ट सेंट्रल अरब सागर की खाड़ी में बना हुआ है तथा धीरे-धीरे उत्तर दिशा की ओर आगे बढ़ रहा है। यह तूफान दिनांक 15 जून को सौराष्ट्र-कच्छ व आसपास के पाकिस्तान तट के ऊपर वेरी सीवियर साइक्लोनिक स्टॉर्म के रूप में पहुंचने की प्रबल संभावना है। तत्पश्चात यह उत्तर-पूर्वी दिशा की ओर आगे बढ़ने तथा धीरे-धीरे कमजोर होने की संभावना है।
16 जून को इसके कमजोर होकर अवसाद/वेल मार्क्ड लो प्रेशन के रूप में दक्षिण-पश्चिमी राजस्थान में प्रवेश करने की संभावना है। इसके असर से आंधी बारिश की गतिविधियां 15 जून दोपहर बाद ही जोधपुर व उदयपुर संभाग के जिलों में प्रारंभ होने की संभावना है। दिनांक 16 जून को इसके असर से जोधपुर, उदयपुर संभाग के जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश होने की संभावना है। इस दौरान दक्षिण-पश्चिमी राजस्थान में हवाओं की गति 45 से 55 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से 65 किलोमीटर प्रति घंटे तक दर्ज होने की संभावना है। उन्होंने यह भी बताया कि 17 जून को भी इस सिस्टम का असर जोधपुर, उदयपुर व अजमेर संभाग व आसपास के कुछ भागों में भारी बारिश के रूप में जारी रहने की संभावना है।
जिला कलक्टर ताराचंद मीणा ने संबंधित विभागों को दायित्व सौंपते हुए आपदा से निपटने व आमजन की सुरक्षा के संबंध में आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिये है।
कलक्टर ने सिंचाई, पीएचईडी, रसद, स्वास्थ्य एवं चिकित्सा, पुलिस विद्युत, पशुपालन, पीडब्ल्यूडी, एसडीआरएफ व नागरिक सुरक्षा विभाग को सतर्क रहने एवं मानसून पूर्व बाढ़ या अतिवृष्टि से बचाव एवं सुरक्षा की सभी तैयारियों सुनिश्चित करने के निर्देश दिये है। कलक्टर ने बताया कि जिला व तहसील स्तर पर एवं अन्य संबंधित विभागों में 15 जून से 30 सितंबर तक बाढ़ नियन्त्रण कक्ष स्थापित करने के आदेश जारी किये जा चुके हैं। यह बाढ़ नियन्त्रण कक्ष 24 घण्टे संचालित किया जायेगा। इस बाढ़ नियन्त्रण कक्ष में बचाव (रेस्क्यू) कार्य हेतु 32 स्वयं सेवक लगाये गये है। 32 स्वयंसेवक में से 8 जिला बाढ़ नियन्त्रण कक्ष, जिला कलक्टर कार्यालय में एवं 24 स्वयं सेवक नागरिक सुरक्षा विभाग कार्यालय में लगाये गये हैं। बाढ़ नियन्त्रण कक्ष में जन हानि व अन्य किसी प्रकार की हानि की सूचना प्राप्त करने एवं प्राप्त सूचना राज्य स्तरीय बाढ़ नियन्त्रण कक्ष में प्रेषित करने हेतु राजकीय कार्मिकों की प्रतिनियुक्ति की गई है।
तूफान बिफरजॉय के राजस्थान में प्रवेश को देखते हुए उदयपुर जिला प्रशासन ने जिलेवासियों के नाम अपील जारी कर एहतियात बरतने के निर्देश दिए है। जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के सदस्य सचिव व अतिरिक्त जिला कलेक्टर ओपी बुनकर द्वारा जारी विडियो अपील में उदयपुर वासियों को सतर्क रहने व सावधानी बरतने का आह्वान किया है। बुनकर ने बताया कि मौसम विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार अरब सागर के गुजरात के रास्ते होते बिपरजॉय राजस्थान में प्रवेश करेगा। इसके तहत 15 को दोपहर बाद तेज बारिश होने की संभावना है और 16 व 17 को तेज आंधी व हवाएं चलेगी और साथ में बारिश होगी। इस स्थिति को देखते हुए आमजन को सतर्क रहने, टीन शेड व पेड़ पौधों से दूर रहने, अस्थाई स्ट्रक्चर में रहने वाले, लटकते तारों, क्षतिग्रस्त पोल, स्ट्रक्चर आदि से दूर रहने के साथ ही सावधानी बरतने को कहा है। वहीं उन्होंने यह भी बताया कि आपात स्थिति में किसी भी प्रकार की सहायता एवं सूचनाओं के संबंध में जिला स्तरीय पर स्थापित आपदा प्रबंधन नियंत्रण कक्ष के दूरभाष नंबर 0294-2414620 पर सम्पर्क कर सकते है।
द मूकनायक की प्रीमियम और चुनिंदा खबरें अब द मूकनायक के न्यूज़ एप्प पर पढ़ें। Google Play Store से न्यूज़ एप्प इंस्टाल करने के लिए यहां क्लिक करें.
‘द मूकनायक’ जनवादी पत्रकारिता करता है. यह संविधान, लोकतंत्र और सामाजिक न्याय पर चलने वाला मीडिया समूह है. अगर आप भी चाहते हैं कि ‘द मूकनायक’ हमेशा हाशिए पर खड़े लोगों की आवाज़ बुलंद करता रहे, बेजुबानों की पीड़ा दिखाते रहे तो सपोर्ट करें.
यहां सपोर्ट करें