उत्तर प्रदेश: अयोध्या जिले में 22 वर्षीय एक दलित युवती की हत्या का मामला सामने आया है। गुरुवार रात से लापता युवती की लाश नग्न अवस्था में मिली है। खोजबीन के दौरान शनिवार की सुबह लड़की के जीजा ने गांव की सूखी नहर में उसकी लाश देखी।
परिजनों ने आशंका जताई है कि युवती के साथ गैंगरेप हुआ है। परिजनों ने बताया कि, युवती के शरीर पर कपड़े नहीं थे, उसकी दोनों आंखें फूटी हुई थीं। चेहरे और सिर पर घाव थे। शरीर पर जगह-जगह जख्म दिख रहे थे। हाथ-पांव रस्सी से बंधे हुए थे।
जिन लोगों ने शव को कपड़े ढककर उठाया, उनका कहना था कि पैर भी टूटा हुआ था। शव की हालत को देखकर लड़की की बड़ी बहन और गांव की 2 महिलाएं बेहोश हो गईं। यह पूरा मामला अयोध्या कोतवाली क्षेत्र के एक गांव का है।
दौनिक भास्कर की रिपोर्ट के अनुसार, गांव में रहने वाले एक परिवार की 22 वर्षीय बेटी 30 जनवरी की रात 10 बजे घर से निकली। मगर वह वापस नहीं आई। गांव में ही परिजन ढूंढते रहे। परिजनों ने 31 जनवरी को अयोध्या कोतवाली में गुमशुदगी की शिकायत की।
परिजनों का आरोप है, पुलिस युवती को खोजने के बजाय केवल खानापूर्ति करती रही। शनिवार की सुबह युवती के जीजा ने गांव के बाहर छोटी नहर में युवती की लाश देखी। छोटी नहर गांव से 500 मीटर दूर है। उन्होंने परिजनों को लाश मिलने की जानकारी दी। इसके बाद भीड़ जुट गई।
मामला युवती का था, इसलिए घर की महिलाएं भी पहुंचीं। उन्होंने बताया, युवती के शरीर पर कपड़े नहीं थे। पूरे शरीर पर जख्म ही जख्म थे। उसकी आंखें फोड़ दी गई थीं। सिर और चेहरे पर गहरे घाव थे।
देखने से ऐसा लग रहा था कि पैर की हड्डियां टूटी हुईं हैं। बॉडी लहूलुहान थी। इस मंजर को देखकर कई महिलाएं मौके पर ही बेहोश हो गईं।
युवती चार बहनों में तीसरे नंबर पर थी, उसकी बड़ी बहन ने बताया, 30 जनवरी की रात में घर से कथा सुनने के बात कहकर गई थी। घर से कुछ दूरी पर कथा हो रही थी। रात में वह नहीं आई।
बहन ने बताया, हमारे पति ने सबसे पहले शव को देखा, इसके बाद सभी को बताया। शव को देखने के बाद होश उड़ गए। शरीर पर कई जख्म थे, जैसे ब्लेड से उसके शरीर पर घाव किए गए हों। उसके बाल भी नोचे गए थे। पूरी बॉडी खून से लथपथ थी। हम शव को देखकर बेहोश हो गए, हमारी मांग है कि जो भी आरोपी हो, उसे फांसी की सजा दी जाए।
बड़ी बहन ने बताया, घर से खाना खाकर गई थी, पुलिस से 31 जनवरी को शिकायत की गई, पुलिस आई, वह बोली कि जाकर खुद यहां-वहां ढूंढो, मिल जाएगी। हम लोग उसे ढूंढते रहे।
स्कूल के पास शौचालय में खून मिला। इसके बाद बाहर खून से सना हुआ कपड़ा मिला, वहीं पर शराब की बोतल भी मिली, गेहूं के खेत में खून के छींटे मिले है। लेकिन शव नहीं मिला। शव आज सुबह मिला है।
परिजनों ने आरोप लगाया कि उनकी बेटी के साथ गैंगरेप हुआ है। फिर उसे मार डाला गया। पुलिस के मुताबिक, लड़की की हत्या इसी स्पॉट पर की गई है। पुलिस को घटना स्थल से एक चप्पल भी मिला है, इसके अलावा घटना स्थल से 200 मीटर दूर खून के धब्बे और खून से सनी चप्पल भी बरामद हुई थी। ग्रामीणों के मुताबिक गांव के बाहर गेहूं के खेत से कातिल भागे हैं। वहां पैरों के निशान मिले हैं।
गांव के रहने वाले एक व्यक्ति ने कहा, "सुबह गांव का हर कोई युवती को इधर-उधर ढूंढ रहा था। हमें पता चला कि नहर में पीपल के पेड़ के पास एक लाश मिली है, उसके शरीर पर कपड़े नहीं थे, हाथ-पांव बंधे हुए थे। चोटों से शरीर जगह-जगह काला हो गया था। उसका आंख भी फूटी हुई थीं।"
सपा के पूर्व मंत्री तेज नारायण पांडे पवन ने पीड़ित परिवार से मुलाकात की। उनके साथ महानगर अध्यक्ष श्याम कृष्ण श्रीवास्तव भी मौजूद थे।
तेज नारायण ने कहा, "दलित परिवार की बेटी 2 दिन से लापता थी। परिवार के लोग पुलिस-प्रशासन के चक्कर काट रहे थे, मगर कोई मदद नहीं मिली। बच्ची के साथ बहुत बुरा हुआ है। परिवार ने पुलिस को जानकारी दी, मगर कोई भी पहुंचा।"
CO आशुतोष तिवारी ने कहा कि, "मामले की जांच शुरू कर दी गई है, पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही यह पता चलेगा कि युवती के साथ रेप हुआ है या नहीं। मामले में मुकदमा दर्ज किया जा रहा है, टीमें बनाकर गांव के लोगों से पूछताछ की जा रही है।"
द मूकनायक की प्रीमियम और चुनिंदा खबरें अब द मूकनायक के न्यूज़ एप्प पर पढ़ें। Google Play Store से न्यूज़ एप्प इंस्टाल करने के लिए यहां क्लिक करें.