UP: मुजफ्फरनगर में परिवार की मर्जी के खिलाफ किया प्रेम विवाह तो दलित युवक की ईंटों से कुचलकर निर्मम हत्या, पत्नी का भाई गिरफ्तार

यूपी के मुजफ्फरनगर में प्रेम विवाह की खौफनाक सजा, दलित युवक की ईंटों से पीट-पीटकर हत्या, पत्नी का भाई गिरफ्तार।
हत्या
हत्यासाभार- इंटरनेट/ सांकेतिक फोटो
Published on: 

उत्तर प्रदेश: मुजफ्फरनगर जिले में हॉरर किलिंग का एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक 23 वर्षीय दलित युवक की ईंटों से पीट-पीटकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए मृतक की पत्नी के बड़े भाई सहित दो लोगों को बुधवार को गिरफ्तार कर लिया है।

मृतक की पहचान अक्षय के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, अक्षय की हत्या उसकी 20 वर्षीय पत्नी रिद्धिमा के परिवार वालों ने की है। दोनों ने परिवार की मर्जी के खिलाफ जाकर प्रेम विवाह किया था और लगभग एक साल पहले नोएडा जाकर बस गए थे।

अक्षय सोमवार को वापस मुजफ्फरनगर लौटा था। उसी दिन शाम को खतौली थाना क्षेत्र में उस पर जानलेवा हमला किया गया। गंभीर रूप से घायल अक्षय को इलाज के लिए मेरठ के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां मंगलवार को उसने दम तोड़ दिया। बुधवार को कड़ी सुरक्षा के बीच उसका अंतिम संस्कार किया गया।

खतौली थाने के एसएचओ दिनेश बघेल ने बताया कि यह हत्या एक सोची-समझी साजिश का हिस्सा लग रही है, जिसमें कई लोगों के शामिल होने की आशंका है। पुलिस ने इस हत्याकांड के सिलसिले में आकाश नाम के एक युवक को भी हिरासत में लिया है। हमले के वक्त आकाश मृतक के साथ ही था और उस पर आरोप है कि उसने ही हत्यारों को अक्षय की लोकेशन की जानकारी दी थी।

यह पूरी दुश्मनी एक प्रेम प्रसंग से शुरू हुई थी। अक्षय बिहारिपुर गांव का रहने वाला था, जबकि रिद्धिमा उसके घर से करीब छह किलोमीटर दूर सराय गांव की निवासी थी। अक्षय अक्सर सराय गांव में अपने चाचा के घर जाता था और वहीं उसकी मुलाकात रिद्धिमा से हुई थी।

दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं, जिसका लड़की के परिवार ने कड़ा विरोध किया और सख्त चेतावनी भी दी। अक्षय के परिवार ने भी इस तनाव को देखते हुए उसे रिश्ता खत्म करने को कहा था, लेकिन वह नहीं माना। पुलिस सूत्रों के अनुसार करीब डेढ़ साल पहले दोनों घर से भाग गए थे, जिसके बाद रिद्धिमा के परिजनों ने अक्षय के खिलाफ अपहरण की शिकायत भी दर्ज कराई थी।

बाद में दोनों ने कोर्ट मैरिज कर ली और नोएडा चले गए, जहां अक्षय को काम मिल गया था। पुलिस का कहना है कि लड़की का परिवार इस शादी को कभी स्वीकार नहीं कर सका। वे इस बात को लेकर मन में गहरी रंजिश पाले हुए थे और अक्षय के मुजफ्फरनगर लौटने की ताक में बैठे थे।

सोमवार शाम को अक्षय अपने साथी आकाश के साथ बाइक से दवा लेने निकला था। जानसठ रोड पर एक दुकान के पास दोनों रुके और बात कर रहे थे। तभी एक मोटरसाइकिल पर सवार होकर तीन नकाबपोश वहां पहुंचे और उन्होंने अक्षय को घेर लिया।

हमलावरों में से एक ने अक्षय पर ईंट से वार किया, जिससे वह जमीन पर गिर गया। इसके बाद आरोपियों ने उसके सिर पर ईंटों से ताबड़तोड़ कई वार किए और उसे खून से लथपथ छोड़कर फरार हो गए। इस जघन्य हत्याकांड के बाद अक्षय के पैतृक गांव बिहारिपुर में भारी आक्रोश है। अक्षय अपनी छह बहनों का इकलौता भाई था।

गुस्साए ग्रामीणों ने एसपी सिटी अमृत जैन से मुलाकात कर सभी दोषियों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। वहीं, मुजफ्फरनगर के एसपी सूरज कुमार राय ने आश्वासन दिया है कि पुलिस की कई टीमें फरार कातिलों की तलाश में जुटी हुई हैं और उन्हें बहुत जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

हत्या
यूपी में बाल विवाह पर हाई कोर्ट की सख्ती: शादी के रजिस्ट्रेशन के लिए अब उम्र का सुबूत नहीं होगा 'आधार कार्ड'
हत्या
वोटर लिस्ट में 'राम ने शर्मा को मारा' पर CEO UP का जवाब: किसको यकीन होगा ये बातें यूपी का मुख्य निर्वाचन अधिकारी लिख रहा.. मांगी माफी
हत्या
महिला पत्रकार को हाईकोर्ट से झटका: ACP की शिकायत पर दर्ज SC/ST मामले की जांच पर रोक से इनकार

द मूकनायक की प्रीमियम और चुनिंदा खबरें अब द मूकनायक के न्यूज़ एप्प पर पढ़ें। Google Play Store से न्यूज़ एप्प इंस्टाल करने के लिए यहां क्लिक करें.

द मूकनायक को सब्सक्राइब करें

'द मूकनायक' जनवादी पत्रकारिता करता है. यह संविधान, लोकतंत्र और सामाजिक न्याय पर चलने वाला मीडिया समूह है। अगर आप भी चाहते हैं कि 'द मूकनायक' हमेशा हाशिए पर खड़े लोगों की आवाज बुलंद करता रहे, बेजुबानों की पीड़ा दिखाते रहें तो सब्सक्राइब करें।

यहां सब्सक्राइब करें
The Mooknayak - आवाज़ आपकी
www.themooknayak.com