बहुजन नायकः सांसद मल्लिकार्जुन खड़गे बने कांग्रेस अध्यक्ष, 52 साल बाद पार्टी को मिला दलित अध्यक्ष

बहुजन नायकः सांसद मल्लिकार्जुन खड़गे बने कांग्रेस अध्यक्ष, 52 साल बाद पार्टी को मिला दलित अध्यक्ष

कांग्रेस पार्टी अध्यक्ष पद चुनाव में डॉ. शशि थरूर को हराया, 1970 में पहले दलित अध्यक्ष बने थे बाबू जगजीवन राम

कांग्रेस के वरिष्ठ दलित नेता व सांसद मल्लिकार्जुन खड़गे कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष निर्वाचित हुए हैं। खड़गे ने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी शशि थरूर को बड़े अंतर से चुनाव हराया है। मल्लिकार्जुन खड़गे को 7897 वोट मिले हैं, जबकि शशि थरूर को 1072 वोट मिले हैं। 52 साल के बाद कोई दलित नेता कांग्रेस पार्टी का अध्यक्ष निर्वाचित हुआ है। वहीं 24 साल के बाद कोई गैर गांधी परिवार से पार्टी का अध्यक्ष बना है।

कांग्रेस पार्टी अध्यक्ष पद के लिए मतदान 17 अक्टूबर को हुआ था, चुनाव प्राधिकरण अध्यक्ष मधुसूदन मिस्त्री ने आज बुधवार दोपहर चुनाव परिणामों की घोषणा की। इस बार का चुनाव बहुत ही रोचक था क्योंकि लंबे समय बाद गांधी परिवार से कोई रेस में नहीं था। इस बार दलित नेता मल्लिकार्जुन खड़गे की चर्चा सबसे अधिक थी। उन्हें गांधी परिवार के साथ-साथ बाकी लोगों का भी समर्थन मिला था।

खड़गे को बधाइयों का दौर

खड़गे के राष्ट्रीय अध्यक्ष चुने जाने के बाद पार्टी में बधाइयों का दौर है। निवर्तमान अध्यक्ष सोनिया गांधी, पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी, मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, पार्टी के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री कैसी वेणुगोपाल सहित कई अन्य नेताओं ने ट्वीट करके मल्लिकार्जुन खड़गे को राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने की बधाई दी है। बधाइयों का दौर जारी है।

बौद्ध धर्म के अनुयायी अंबेडकरवादी नेता

मल्लिकार्जुन खड़गे अंबेडकरवादी नेता है। बौद्ध धर्म के अनुयायी भी है। डॉ. भीमराव अंबेडकर के विचारों और बुद्ध की शिक्षा को लोगों तक पहुंचाने के लिए इन्होंने गुलबर्गा के बाहरी इलाके में बुद्ध विहार बनवाया है। इसके साथ ही खड़गे सिद्धार्थ विहार ट्रस्ट के अध्यक्ष हैं।

संघर्षों से भरा जीवन

खड़गे का जन्म 21 जुलाई 1942 को मैसूर राज्य (अब कर्नाटक) का वरवट्टी गांव में हुआ था। तब वहां निजाम की हुकूमत थी। उनके जन्म के बाद ही देश आजाद हुआ। जिस वक्त देश भारत पाकिस्तान का बंटवारा हुआ उस वक्त इनके गांव में भी दंगे हुए। जिसमें पूरे गांव में आग लगा दी गई थी। इस आग से बचाते हुए इनके पिता इन्हें दूर जंगल में ले गए। जहां कई महीनों तक रहने के बाद शहर आए, जहां उन्होंने खड़गे को मजदूरी में न लगाकार स्कूल में भर्ती कराया। ताकि वह पढ़ लिखकर कुछ अच्छा काम कर सकंे। इनकी आरंभिक पढ़ाई गुलबर्गा के स्कूल में हुई।

शहर के पहले दलित वकील बने

कक्षा 12वीं उन्होंने नूतन स्कूल में पढ़ाई की। उसके बाद गवर्नमेंट कॉलेज से ग्रेजुएशन की और गुलबर्गा के सेठ शंकरलाल लाहोटी लॉ कॉलेज से कानून की डिग्री प्राप्त की। जिसके बाद खड़गे गुलबर्गा के पहले दलित वकील बने। वकील बनने के बाद उन्होंने गरीब लोगों का मुफ्त में केस लड़ा, ताकि कोई न्याय से वंचित नहीं रह जाए।

राजनीति का सफर

मल्लिकार्जुन का राजनीति का सफर यूनियन लीडर से शुरू हुआ। जहां उन्होंने कई गरीब मजदूरों की बिना पैसे के केस लड़ा। जिसके कारण यह पूरे शहर में कुछ दिनों में बहुत प्रसिद्ध हो गए, खासकर दलितों में। यहीं से कांग्रेस नेताओं की नजर उन पर पड़ी। साल 1970 में उन्हें कांग्रेस का डिस्ट्रिक्ट प्रेसिडेंट बनाया गया। साल 1972 में पहली बार गुरमिटकल विधानसभा सीट से मैदान में उतरे और फतह कर दिखाया। इसके बाद वह लगातार राजनीति में सक्रिय रहे है। इतनी ख्याति कभी नहीं थी। साल 2014 के बाद देश के सभी लोग मल्लिकार्जुन खड़गे के नाम से परिचित हुए। मोदी लहर के दौरान लोकसभा चुनाव 2014 में कांग्रेस की करारी हार के बाद मल्लिकार्जुन खड़गे को विपक्ष का नेता चुना गया। इस समय कांग्रेस में 543 में से मात्र 44 सीटों पर जीत हासिल की थी।

कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष

आजादी के बाद से नेहरू-गांधी परिवार के सदस्यों का दबदबा सबसे ज्यादा रहा है। अब तक 18 सदस्य कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष रह चुके हैं। जिसमें पांच नेहरू गांधी परिवार से और 13 पार्टी के सदस्य रहे हैं। इनमें सोनिया गांधी पिछले 21 साल से कांग्रेस की अध्यक्ष हैं।

आजादी के बाद बने अब तक कांग्रेस अध्यक्ष

देश आजाद होने के बाद 1947 में जेबी कृपलानी

1948-49- पट्टाभि सीतारमैया

1950- पुरुषोत्तम दास टंडन

1955-59- यूएन ढेबर

1959- इंदिरा गांधी

1960-63- नीलम संजीव रेड्डी

1964- 1967- के. कामराज

1968-69- एस. निजलिंगप्पा

1970-71- बाबू जगजीवन राम

1972-74 शंकर दयाल शर्मा

1975-77- देवकांत बरुआ

1977-78- ब्रह्मनंद रेड्डी

इस दौरान कांग्रेस का विभाजन हो गया। जिसमें कांग्रेस (आई) की अध्यक्ष इंदिरा गांधी बनी और साल 1984 में मृत्यु तक वही रहीं।

1985-1991- राजीव गांधी

1992-96- पीवी नरसिम्हा राव

1996-98 सीताराम केसरी

1998- 2017- सोनिया गांधी
2022–मल्लिकार्जुन खड़गे

द मूकनायक की प्रीमियम और चुनिंदा खबरें अब द मूकनायक के न्यूज़ एप्प पर पढ़ें। Google Play Store से न्यूज़ एप्प इंस्टाल करने के लिए यहां क्लिक करें.

Related Stories

No stories found.
The Mooknayak - आवाज़ आपकी
www.themooknayak.com